संविधान प्रस्तावना पाठ, ई-जर्नल द्वितीय संस्करण का लोकार्पण व् ओपन क्विज
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में 26 नवंबर को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, अधिकारी एवं कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सीसीएल के सीसीएंडपीआर विभाग के अनुसार संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस स्थित डॉ बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया तथा सीएमडी ने उपस्थित सभी कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि संविधान का मूल सार दो महत्वपूर्ण शब्दों अधिकार और कर्तव्य में समाहित है। कहा कि संविधान हमें अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र, समाज और अपने कार्यों के प्रति कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक देशवासी एवं सीसीएल कर्मी का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि संविधान हमें निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 21 प्रत्येक देशवासी को समानता तथा गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार प्रदान करते हैं। ये अनुच्छेद सुनिश्चित करते हैं कि प्रत्येक देशवासी को सम्मान, समान अवसर और गरिमामय जीवन प्राप्त हो।
इस अवसर पर ई-जर्नल नामक पत्रिका (मैगजीन) के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत संविधान से संबंधित विषयों पर ओपन क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज के विजेताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वागत भाषण महाप्रबंधक (विधि विभाग) जोबी वीपी ने दिया। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान बनकर तैयार हुआ और इसे अंगीकृत किया गया, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह लागू किया गया।धन्यवाद ज्ञापन वरीय प्रबंधक विधि विभाग महेंद्र प्रताप द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply