Advertisement

एनएच-23 पर भीषण सड़क हादसा, बीटीपीएस कर्मी की मौके पर मौत

छठ की खरीदारी कर रांची से लौट रहे प्रकाश लोहार की कोयला लदे ट्रक से मौत

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के एनएच-23 रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर झामुमो प्रधान कार्यालय के समीप 13 नवंबर की दोपहर भीषण सड़क दुर्घटना में डीवीसी बोकारो थर्मल (बीटीपीएस) कर्मी 58 वर्षीय प्रकाश लोहार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार उनके भतीजे राहुल कुमार विश्वकर्मा बाल-बाल बच गए।

मिली जानकारी के अनुसार बोकारो थर्मल के पिरूवाटांड़ रहिवासी प्रकाश लोहार अपनी बेटी से मिलने और आगामी छठ महापर्व की खरीदारी करने रांची गए थे। रांची से अपने भतीजे राहुल कुमार विश्वकर्मा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेटरवार में सड़क पार करने के क्रम में पीछे से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक क्रमांक-JH 02AV/0721 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए न्यू बस स्टैंड के पास ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
छठ महापर्व की तैयारियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *