Advertisement

हरिहरनाथ मंदिर में गोवर्धन पूजा अन्नकूट महोत्सव: भगवान को छप्पन भोग अर्पित

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट के पावन अवसर पर 10 नवंबर को श्रद्धा और भक्ति का अलौकिक नजारा देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर हरि (भगवान विष्णु) और हर (भगवान शिव) के एकीकृत स्वरूप का अत्यंत मनमोहक और भव्य श्रृंगार किया गया।

इस अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री एवं मंदिर के नंद बाबा ने बताया कि यह भगवान श्रीकृष्ण द्वारा द्वापर युग में ब्रजवासियों की रक्षा के लिए शुरू की गई लीला से जुड़ा परंपरा है। कथा के अनुसार, जब भगवान कृष्ण ने देवराज इंद्र का अहंकार तोड़ने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों की मूसलाधार बारिश से रक्षा की थी, तब से यह उत्सव प्रकृति की पूजा के रूप में मनाया जाने लगा।

कहा कि अन्नकूट इस पर्व का एक प्रमुख हिस्सा है, जिसमें प्रकृति द्वारा प्रदान किए गए अन्न, सब्जियों और दूध से बने व्यंजनों को भगवान को अर्पित कर प्रसाद रूप में ग्रहण किया जाता है। यह परंपरा अन्न और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है।

मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री ने बताया कि इसी पावन परंपरा की स्मृति में बाबा हरिहरनाथ को शुद्ध घी और सात्विक सामग्रियों से तैयार 56 प्रकार के विशेष व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया गया। कहा कि इस दिव्य अवसर पर आयोजित महाआरती में शामिल होने और इसके दर्शन मात्र से भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और असीम शांति का संचार होता है। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *