Advertisement

कथारा कोलियरी में कोयले के ढेर में दबकर तीन जिंदगी समाप्त, आधा दर्जन घायल

कोयला चुनने के दौरान ढेर धंसने से तीन ग्रामीण महिलाओं की मौत की सूचना

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला के हद में कथारा ओपी थाना क्षेत्र के सीसीएल कथारा कोलियरी खदान कोयला स्टॉक में 5 नवंबर की अहले सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां जलावन के लिए स्टॉक से कोयला निकालने गई ग्रामीण महिलाएं अचानक खदान की पांच नंबर स्टॉक का चाल धंसने से उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में तीन महिलाओं की मौत होने तथा छह अन्य के घायल होने की सूचना है। हालांकि अबतक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाया है, लेकिन ग्रामीण रहिवासी मौत तथा घायलों की बात स्वीकारते हैं। घटना के बाद दबाब के कारण मृतको के पोस्टमार्टम नहीं होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसपास के बांध वस्ती के कई टोलों के दर्जनों ग्रामीण महिला-पुरुष प्रतिदिन की भांति 5 नवंबर की सुबह लगभग 4 बजे जलावन के लिए खदान में कोयला चुनने गये थे। कोयला निकालने के दौरान अचानक स्टॉक धंस गई और महिलाएं मलबे की चपेट में आ गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम की मदद से मलबे में फंसी महिलाओं को बाहर निकाले जाने की सूचना है।

सूत्रों के अनुसार, मृतक महिलाओं में कौशल्या देवी पति विश्वनाथ यादव, पुष्पा देवी पति गल्लू रजवार और सोहरी देवी पति स्वर्गीय हीरालाल यादव (सभी बांध पंचायत की) शामिल हैं। रहिवासियों की माने तो 45 वर्षिया पुष्पा देवी की सीसीएल के कथारा क्षेत्रीय अस्पताल में हो गयी, जबकि अन्य दो महिलाओं की मौत कोयला के ढेर में हीं हो गया था। उक्त हादसे में 40 वर्षिया मलवा देवी, सुभाष यादव सहित आधा दर्जन ग्रामीणों के घायल होने की भी सूचना है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।

बताया जाता है कि घटना की सूचना मिलने के बाद कथारा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा ग्रामीणों तथा उपरी दबाब के कारण मृतको के शव को बिना पोस्टमार्टम कराये हीं परिजनों को सौंपने की बात कही जा रही है। परिजनों द्वारा शवों को बोकारो नदी तथा कोनार नदी तट श्मशान में अंतयेष्ठी किए जाने की सूचना है। उक्त हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या सहित घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

इधर उक्त घटना के बात मामले में न तो स्थानीय पुलिस प्रशासन और न हीं सीसीएल प्रबंधन कुछ भी बताने से कतरा रही है, ऐसे में कई सवालों को जन्म दे रहा है। सूत्र बताते है कि स्थानीय एक सेल्स इंचार्ज की मिलीभगत के कारण कोयले का स्टॉक से अदला बदली का खेल खेला जा रहा है, जिसका खामियाजा विभाग तथा ग्रामीण क्षेत्र के रहिवासियों को भुगतना पर रहा है। यदि यह सच है तो यह गंभीर जांच का विषय है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *