Advertisement

आईईएल गेट के समीप ऑटो व् ट्रक की टक्कर में ऑटो चालक घायल

स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया-वनासो मुख्य मार्ग पर आईईएल गेट के समीप 4 नवंबर की संध्या मालवाहक ऑटो तथा ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के रहिवासी मौके पर पहुंचे और घायल को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए ऑटो चालक को रेफर कर दिया गया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मालवाहक ऑटो क्रमांक-JH09AX/9707 करमाटांड़ की ओर से गोमिया की तरफ आ रहा था। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक-WB76B/0699 से आईईएल गेट के समीप उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो चालक को गंभीर चोटें आई। घायल चालक की पहचान गोमिया बस्ती रहिवासी राजन कुमार के रूप में हुई है।

उक्त हादसे के बाद स्थानीय रहिवासियों और आईईएल थाना पुलिस की मदद से घायल राजन को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर आईईएल पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *