रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। हिन्दू आस्था का प्रतीक छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर 27 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम में विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महापौर भोलू पासवान एवं उपमहापौर पूजा कुमारी की उपस्थिति में नगर निगम क्षेत्र के छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी पुलों के निर्माण, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कहा गया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम क्षेत्र के 11 छठ घाटों पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा सभी आवश्यक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। चिह्नित स्थलों में गरगा नदी स्थित गायघाट राणा प्रताप नगर सूर्य मंदिर, कुंवर सिंह कॉलोनी छठ घाट, कदम तल्ला छठ घाट, गरगा पुल के पास हेल्पिंग हैंड छठ घाट और भोजपुर कॉलोनी के पास स्थित छठ घाट शामिल हैं। इसके अलावा प्रभात कॉलोनी, सुनीता नगर एवं कैलाश नगर में जोरिया पर अस्थायी पुलों का निर्माण कराया जाएगा। गांधी चौक स्थित भोजपुर कॉलोनी छठ घाट पर गरगा नदी में अस्थायी पुल बनाने की व्यवस्था की जाएगी।
वहीं, सोलागडीह तालाब के आसपास विशेष साफ-सफाई एवं बैरिकेडिंग की जाएगी। जबकि, चिराचास के पांडे पुल के आसपास साफ-सफाई कर छठ घाट तैयार किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर समय पर उपस्थित रहकर सभी कार्य जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का निर्देश दिया है।
नगर प्रशासन का उद्देश्य छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना तथा आम जनों के आवागमन को सुगम बनाए रखना है। नगर निगम प्रशासन पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटा है।
![]()













Leave a Reply