प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं टिकटिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए धनबाद रेल मंडल के न्यू गिरिडीह हॉल्ट स्टेशन पर एम-युटीएस सेवा का शुभारंभ किया गया है।
धनबाद के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार धनबाद रेल मंडल के न्यू गिरिडीह हॉल्ट पर 13 अगस्त से मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली (एम-युटीएस) के माध्यम से अनारक्षित यात्रा टिकट जारी करने की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इसके साथ ही न्यू गिरिडीह हॉल्ट पूर्व मध्य रेलवे का पहला हॉल्ट बन गया है, जहां हॉल्ट ठेकेदार के माध्यम से एम-युटीएस सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कहा गया कि पूर्व में हॉल्ट स्टेशनों पर सीमित टिकटिंग सुविधाएं उपलब्ध होने के कारण यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब न्यू गिरिडीह हॉल्ट पर एम-युटीएस सुविधा उपलब्ध होने से रेल यात्री एक ही स्थान से अपनी आवश्यकता के अनुसार किसी भी गंतव्य स्टेशन के लिए अनारक्षित यात्रा टिकट आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इस अभिनव पहल से टिकटिंग प्रक्रिया तेज, सरल एवं सुगम बनेगी तथा रेल यात्रियों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी।
कहा गया कि न्यू गिरिडीह हॉल्ट पर एम-युटीएस सेवा का शुभारंभ धनबाद रेल मंडल की यात्री सुविधाओं में नवाचार और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग की दिशा में उल्लेखनीय कदम है, जो भविष्य में अन्य हॉल्ट स्टेशनों पर भी आधुनिक एवं सुविधाजनक टिकटिंग सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगा।
![]()













Leave a Reply