एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से 13 अगस्त को बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ हर घर तिरंगा यात्रा निकाली।
जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर से शुरू यह तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते कथारा ओपी पहुँची, जहाँ इसका विधिवत समापन किया गया। विद्यालय के छात्रों ने अपने हाथों में तिरंगा और हृदय में देशभक्ति का जज्बा लिए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान कर दिया। विद्यार्थियों के नारों ने राहगीरों और स्थानीय रहिवासियों को भी आकर्षित किया।
बताया जाता है कि तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए देशभक्ति के नारों ने सभी में जोश भर दिया जिसमें घर-घर तिरंगा लहराएगा, हर दिल देश प्रेम से भर जाएगा। देश की मिट्टी करे पुकार, हर घर तिरंगा लहराए यार शामिल था। ज्ञात हो कि इन नारों के साथ विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। तिरंगे के प्रति विद्यार्थियों का सम्मान, अनुशासन और उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देशभक्ति इंसान के जीवन का सबसे बड़ा गुण है। तिरंगा हमारे गौरव, स्वाभिमान, एकता और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। कहा कि विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और अनुशासन के साथ इसमें भाग लिया, वह विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।
हर घर तिरंगा यात्रा के कथारा ओपी पहुँचने पर ओपी पुलिस ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ओपी प्रभारी ने कहा कि देशभक्ति प्रत्येक देशवासी का श्रेष्ठ गुण है। राष्ट्र के प्रति प्रेम केवल नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदार रहिवासी बनने के प्रयासों में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2024 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी। उन्होंने कानून के विभिन्न प्रावधानों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया।

साथ ही बच्चों की सुरक्षा से संबंधित पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को सजग एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। हर घर तिरंगा यात्रा का नेतृत्व विद्यालय के शारीरिक शिक्षक शिव प्रकाश सिंह एवं ओंकार मिश्रा कर रहे थे। विद्यालय कार्यालय से शुभम कुमार ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
यात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर.एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, तेजो मित्र पाठक, बी.के.दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, आराधना, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, संगीत कुमार, वैशाली डे सहित समस्त विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डीएवी कथारा के हर घर तिरंगा यात्रा ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया तथा हर घर तिरंगा के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुँचाया।
![]()













Leave a Reply