रेलवे बोर्ड पर दोहरे मापदंड का आरोप, सोनपुर जंक्शन पर गरजे लोको रनिंग स्टाफ
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। अखिल भारतीय लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर 13 अगस्त को सारण जिला के हद में सोनपुर रेलवे जंक्शन स्थित संयुक्त क्रू लॉबी के सामने लोको रनिंग स्टाफ ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष कॉमरेड अभय कुमार भारती जबकि संचालन शाखा सचिव नरेंद्र कुमार ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के जोनल अध्यक्ष कॉ दिनेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रेलवे के अन्य सभी विभागों में कैडर रिस्ट्रक्चरिंग के जरिए वेतनमान का अपग्रेडेशन किया गया है, लेकिन लोको रनिंग कैडर को लगातार इस लाभ से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने रेलवे बोर्ड और कैडर रिस्ट्रक्चरिंग कमेटी पर रनिंग स्टाफ के साथ दोहरी नीति अपनाने का गंभीर आरोप लगाया।
मंडल अध्यक्ष शिव शंकर मंडल ने कहा कि लोको रनिंग कर्मचारी ही भारतीय रेल के मुख्य पहिए को गति देते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाते हैं। यात्रियों और माल का सुरक्षित परिवहन उन्हीं के जिम्मे है। शाखा सचिव नरेंद्र कुमार ने कहा कि लोको रनिंग स्टाफ का कार्य रेलवे का मुख्य ऑपरेशनल कार्य है, जबकि अन्य विभाग सपोर्टिंग की भूमिका में हैं। तकनीक और ऑटोमैटिक सिग्नलिंग से अन्य विभागों में मैन पावर भले ही कम हुआ हो, लेकिन इसका सारा बोझ और जिम्मेदारी लोको रनिंग स्टाफ पर आ गई है।
संयुक्त शाखा सचिव रविरंजन ने कहा कि अत्यधिक कार्य दबाव के कारण रनिंग स्टाफ गंभीर बीमारियों और मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं और बड़ी संख्या में मेडिकली डी-कैटेगराइज्ड हो रहे हैं। कहा कि रनिंग स्टाफ को सिर्फ चलती ट्रेन की सुरक्षा का अकेला रखवाला बनाकर छोड़ दिया गया है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में एसोसिएशन के सहायक मंडल सचिव राकेश कुमार डीपी, सहायक शाखा सचिव अविनाश कुमार, शम्मी प्रकाश, नंदकिशोर यादव, राकेश कुमार, रंधीर कुमार, श्याम, रंजन कुमार सहित बड़ी संख्या में लोको रनिंग कर्मचारियों ने भाग लिया और एकजुटता का परिचय दिया।
![]()













Leave a Reply