Advertisement

सोनपुर में उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब, तिरंगे के रंग में रंगा पूरा विधानसभा क्षेत्र

निकली ऐतिहासिक ‘तिरंगा यात्रा’, शहीदों को किया नमन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत सारण जिला के हद में सोनपुर विधानसभा में 13 अगस्त को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों राष्ट्रभक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा।

हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ शुरू यह तिरंगा यात्रा सबलपुर दियारा स्थित अमर शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की प्रतिमा स्थल से प्रारंभ हुई। यात्रा सोनपुर के ऐतिहासिक शहीद महेश्वर चौक होते नयागांव स्थित शहीद राजेंद्र सिंह के स्मारक तक पहुंची। इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले सभी शहीद स्मारकों पर विधायक एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।

सैकड़ों बाइकों पर तिरंगा लहराते कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। यात्रा का समापन आमी स्थित मां अंबिका स्थान पर माता के चरणों में शीश नवाकर किया गया।
इस अवसर पर विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि 13, 14 और 15 अगस्त को देशभर में भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसका एक ही लक्ष्य है देश को संवारना, सजाना और आने वाली पीढ़ी के दिल में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाना। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार सरकार ने इस अभियान को आधिकारिक रूप देकर अधिकारियों, पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को हर घर तक तिरंगा पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है, जो सराहनीय कदम है।

इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में भाजपा सारण जिला उपाध्यक्ष कृष्णा राम, जिला मंत्री राजीव सिंह, नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू, सोनपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, सुनील गुप्ता, आशुतोष कुमार रितेश, संजीत चौरसिया, संजीव कुमार सिंह, शशिभूषण सिंह सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और अमन पसंद राष्ट्रप्रेमी रहिवासी शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *