निगम भी मेरा परिवार, मिलकर करेंगे समस्या का समाधान-अजय नाथ झा
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में स्थज चास नगर निगम क्षेत्र में जन सुविधाओं को बेहतर बनाने और आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को लेकर 10 अगस्त को समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान, उप मेयर पूजा कुमारी सहित सभी वार्ड पार्षद शामिल हुए।
इस अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने वार्डवार समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम भी मेरा परिवार है और इसकी समस्याओं का समाधान हम सभी मिलकर करेंगे।
इस अवसर पर डीसी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत जन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वार्डवार पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने जिन वार्डों में पेयजल की समस्या है, वहां की जानकारी एकत्र कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने पेयजल व्यवस्था को लेकर अलग से समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लाइट इंस्पेक्टर को लॉगबुक संधारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिन के समय खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाए तथा शाम के समय क्षेत्र का भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क किनारे लगे खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत अधिकतम तीन दिनों के भीतर पूरी की जाए, ताकि राहगीरों को रात के समय परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर निगम क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सभी वार्डों में मोहल्ला लाइब्रेरी विकसित करने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में उपयुक्त स्थल चिन्हित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर ऐसे स्थान विकसित किए जाएं, जहां विद्यार्थी शांत और सुविधाजनक वातावरण में अध्ययन कर सके।
बैठक में मेयर भोलू पासवान, उप मेयर पूजा कुमारी एवं वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
![]()













Leave a Reply