Advertisement

शराब के नशे में कांवड़िए का हंगामा, चास थाना प्रभारी घायल

डीजे के कारण सड़क पर लगा था जाम, हटाने पहुंचे थे थाना प्रभारी प्रकाश मंडल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर बीते 9 अगस्त की देर रात बोकारो जिला के हद में पुपुनकी दामोदर नदी से जल लेकर चिड़का धाम स्थित बाबा गौरीनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों के जत्थे से पुलिस की झड़प हो गयी। झड़प में थाना प्रभारी घायल हो गये।

बताया जाता है कि कांवड़ियों के जत्थे के बीच सड़क जाम हटाने के दौरान चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल घायल हो गए। घटना में उनके सिर में चोट लगी। उपचार के बाद थाना प्रभारी फिलहाल अपनी ड्यूटी पर हैं। जानकारी के अनुसार, घटना की देर रात बड़ी संख्या में कांवड़िए दामोदर नदी से जल लेकर चिड़का धाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कांवड़ियों का एक समूह डीजे वाहन के साथ आगे बढ़ रहा था। डीजे ट्रक के कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डीजे वाहन के साथ चल रहे कांवड़ियों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास करने लगे।

जानकारी देते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि इसी दौरान एक कांवड़िया, जिसने कथित तौर पर शराब का सेवन कर रखा था, थाना प्रभारी से उलझ गया। उसने हाथ में कड़ा पहना था, जिससे थाना प्रभारी के सिर में चोट लग गई। घटना के बाद थाना प्रभारी का उपचार कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उपचार के बाद थाना प्रभारी मंडल की स्थिति सामान्य है और वे अपनी ड्यूटी पर हैं। ज्ञात हो कि, सावन की सोमवारी को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा के मार्गो पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *