रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के एनएच-23 पर स्थित चरगी घाटी के समीप 10 अगस्त को बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह एवं ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद के नेतृत्व में बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
बताया जाता है कि इस दौरान रांची की ओर जाने वाले व्यावसायिक एवं निजी वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। जांच अभियान के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने वाहनों की डिक्की, उसमें रखे सामान, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। वहीं, वाहनों में सवार यात्रियों की भी जानकारी ली गई।

अचानक हुई इस जांच से वाहन चालकों में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति रही। रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन को लेकर जब पत्रकारों ने अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार से सवाल किया, तो उन्होंने बताया कि यह रूटीन जांच अभियान है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस तरह की जांच समय-समय पर की जाती है। कहा कि इसका उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना है। जांच अभियान में पेटरवार सीओ अशोक राम, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो आदि दल बल के साथ मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply