Advertisement

अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु) आयोजन की तैयारी तेज़

सीसीएल मुख्यालय रांची में प्रथम कार्यकारी समिति की बैठक सम्पन्न

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश की सर्वाधिक प्रतिष्ठित 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)-2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को गति देते हुए 7 अगस्त को झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस में प्रथम कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गयी।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार उक्त प्रतियोगिता की मेज़बानी का दायित्व सीसीएल को मिलना कंपनी की संगठनात्मक दक्षता, सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता तथा राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के सफल संचालन में अर्जित विश्वसनीयता का प्रतीक है।

बैठक में खान सुरक्षा महानिदेशालय के उप-महानिदेशक (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) डॉ एस.एस. प्रसाद, सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेन्दु कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) अनूप हंजूरा, डीजीएमएस के वरिष्ठ अधिकारी श्याम मिश्रा, नागेश्वरराव नामावरपू, अजीत कुमार, संकेत कुमार तथा परवेज़ आलम, कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता के कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा एवं बचाव) सी.पी. गर्ग, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) ई. कार्तिकेयन सहित देशभर की विभिन्न कोयला एवं धातु खनन कंपनियों के महाप्रबंधकों (सुरक्षा एवं बचाव), रेस्क्यू स्टेशनों के प्रभारी, जेएसएसपीएस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), सीसीएल मुख्यालय एवं बरका-सयाल क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सीसीएल के सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह ने कहा कि डीजीएमएस, कोल इंडिया लिमिटेड तथा सभी सहभागी कंपनियों के समन्वित सहयोग से सीसीएल इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन न केवल खान सुरक्षा एवं बचाव के क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित करेगा, बल्कि भारतीय खनन उद्योग के लिए एक अनुकरणीय एवं ऐतिहासिक आयोजन भी सिद्ध होगा।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे खान सुरक्षा उपमहानिदेशक (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) डॉ एस.एस. प्रसाद ने प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में तकनीकी उत्कृष्टता, गुणवत्ता तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने सभी सहभागी संस्थाओं से बेहतर समन्वय, समयबद्ध तैयारी एवं सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)-2026 का आयोजन आगामी 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह, ड्रिल एवं मार्च-पास्ट, फर्स्ट एड तथा रोप रेस्क्यू जैसी प्रमुख स्पर्धाएँ जेएसएसपीएस खेलगांव (रांची) में आयोजित होंगी। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह भी यहीं सम्पन्न होगा। वहीं, रेस्क्यू एवं रिकवरी, फ्रेश एयर बेस तथा कैप्टन्स रिपोर्ट से संबंधित व्यावहारिक स्पर्धाएँ रामगढ़ जिला के हद में सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र स्थित भुरकुंडा भूमिगत खदान में आयोजित की जाएँगी।

कहा गया कि उक्त प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 37 टीमों के भाग लेने की संभावना है। बैठक में महिला टीमों की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके लिए आवश्यक आवास, सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भी निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न तकनीकी, प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा प्रतियोगिता के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *