एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की 37वीं कॉर्पोरेट स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति (कॉर्पोरेट-लेवल ट्राईपारटाइट सेफ्टी कमिटी) की बैठक 28 जुलाई को मुख्यालय रांची में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में डीजीएमएस, सीसीएल प्रबंधन तथा सीसीएल सेफ्टी बोर्ड के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की। बैठक की अध्यक्षता सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने की।
जानकारी के अनुसार बैठक के दौरान सीसीएल के सुरक्षा मानकों एवं उसके अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, पिछली ट्राईपारटाइट सेफ्टी कमिटी की बैठक में दिए गए सुझावों एवं अनुशंसाओं के अनुपालन की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यस्थल सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य (ऑक्यूपेशनल हेल्थ), वैधानिक अनुपालन (स्टैच्युटरी कम्पलायंस) तथा खदान कर्मियों के कल्याण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत खान सुरक्षा उप महानिदेशालय सेंट्रल जोन (डीडीजी सीजेड) के आर. टी. मंडेकर ने डीजीएमएस, सीसीएल के निदेशकगण सह अधिकारियों एवं सेफ्टी बोर्ड सदस्यों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। तत्पश्चात सभी डीजीएमएस के अधिकारियों एवं सेफ्टी बोर्ड सदस्यों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
बैठक की शुरुआत में सेफ्टी बोर्ड के सभी सदस्यों ने कोयला खदानों में सुरक्षा संबंधित पूर्व के अनुभव एवं चुनौतियों के संदर्भ में अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिसको सदन ने सराहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खान सुरक्षा उप महानिदेशक सेंट्रल जोन एस.एस. प्रसाद ने खदान में कार्य करने वाली महिलाओं के लिए आधारभूत संरचना एवं सुरक्षा के पहलुओं पर जोर दिया। साथ ही हरेक साल होने वाली (प्रीलीमिनरी मेडिकल एग्जामिनेशन (पीएमआई) के लिए आवश्यक संरचना को अद्यतन बनाने का सुझाव दिया।
मौके पर डीडीजी आर. टी. मंडेकर ने अपने संबोधन में महिलाओं के लिए अलग वॉशरुम तुरंत बनाने का सुझाव दिया। साथ ही अत्याधुनिक वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर भी बनाने पर जोर दिया। अन्य महत्वपूर्ण सलाह में न्यू लेबर कोड के अंतर्गत (ऑक्यूपेशनल सेफ्टी एंड हेल्थ (ओएसएच) के तहत एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाकर तत्काल लागू करने का सुझाव दिया। उन्होंने अपने अन्य उपक्रमों में कार्य करने के अनुभव को साझा करते हुए छोटे लेकिन महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिसका सदन ने स्वागत किया।
वहीं, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने डीजीएमएस के सभी अधिकारियों को उनके श्रमिकों के हित में दिए गए बहुमूल्य सुझावों की प्रशंसा करते हुए सभी को तय कार्यक्रम के अनुरुप लागू करने का आश्वसन दिया। उन्होंने सीसीएल के दृष्टिकोण, श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोपरि को रेखांकित करते हुए सभी सेफ्टी बोर्ड सदस्यगणों के साथ कदम से कदम मिलाकर देशहित में कोयला उत्पादन लक्ष्य को पूरा करने का आह्वन किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply