Advertisement

राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित माई भारत बजट क्वेस्ट कार्यक्रम का समापन

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित माई भारत बजट क्वेस्ट 2026 के अंतर्गत आयोजित फाइनल कार्यक्रम का 14 अप्रैल को सफलतापूर्वक समापन हो गया।

इस अवसर पर झारखंड राज्य के बोकारो जिला के हद में कसमार क्षेत्र के युवा एवं प्राकृतिक रक्षण के संस्थापक बबलू कुमार महतो ने फाइनल राउंड में भाग लेते हुए बेहतर प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 12 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया था। पहले चरण के बाद लगभग 40 हजार प्रतिभागियों का चयन दूसरे दौर के लिए किया गया। इसके पश्चात आयोजित निबंध प्रतियोगिता के बाद पूरे भारत से केवल 14 हजार प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया, जिसमें बबलू कुमार महतो ने अपनी जगह बनाई।

बबलू ने प्रारंभिक चरण में आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा दूसरे चरण के निबंध लेखन में वर्ष 2026 के बजट पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए पर्यावरण एवं आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी। उनके इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें फाइनल राउंड में भाग लेने का अवसर मिला। बीते 12 एवं 13 अप्रैल को झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स सभागार में आयोजित अंतिम चरण में कसमार के बबलू ने पैनल चर्चा एवं टेबल टॉक सत्र में भाग लेते हुए विकसित भारत के विषय पर अपने प्रभावशाली विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद का अवसर भी प्राप्त हुआ, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। इस अवसर पर बबलू ने कहा कि यह मंच युवाओं के लिए अपनी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने आगे भी समाज, पर्यावरण एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय रहने की बात कही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *