Advertisement

पेटरवार में शिवदयाल महतो चौक का नामकरण, भूमि पूजन कर लगाया गया बोर्ड

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के कोह पंचायत अंतर्गत भारतमाला परियोजना 320 स्थित जरीडीह मोड़ का नामकरण 7 अप्रैल को किया गया। नामकरण भारतीय स्वतंत्रता सेनानी शिवदयाल महतो चौक के रूप में किया गया।

इस अवसर पर शहीद शिवदयाल महतो के वंशज पारसनाथ महतो, लक्ष्मण महतो सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत भूमि पूजन कर नामकरण बोर्ड स्थापित किया गया।

कार्यक्रम में जेकेएलएम के केंद्रीय महासचिव मनोहर महतो, जिलाध्यक्ष अमरेश महतो, प्रखंड अध्यक्ष अरबिंद महतो समेत अन्य ने भाग लिया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी शिवदयाल महतो के अद्वितीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से इस चौक का नामकरण किया गया है। इससे आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, बलिदान और देशभक्ति से प्रेरणा मिलेगी। मौके पर बबलू महतो, चन्द्रनाथ महतो, नरेश महतो, जेठू महतो, चुम्बन महतो, रणजीत महतो, मनसू महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

स्वतंत्रता सेनानी शिवदयाल महतो का संक्षिप्त जीवन परिचय

स्वतंत्रता सेनानी शिवदयाल महतो का जन्म पेटरवार प्रखंड के कोह पंचायत स्थित जराडीह गांव में स्वर्गीय भूखल महतो के घर हुआ था। वे दो भाइयों में बड़े थे। बचपन से ही उनमें देशभक्ति की प्रबल भावना थी। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उनका जुनून इतना प्रखर था कि वे सुदूर गांव से पैदल ही हजारीबाग पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े।

आजादी की लड़ाई के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा, जहां उनकी मृत्यु हो गई और वे शहीद हो गए। उनके परिवार में एक पुत्र हरिलाल महतो और तीन पुत्रियां थीं। उनकी पुत्रियों में से एक अलब्तिया देवी भी स्वतंत्रता सेनानी रहीं। शिवदयाल महतो के जेल में निधन के बाद अंग्रेजी सरकार ने उनके पुत्र हरिलाल महतो को बुलाया, लेकिन उन्होंने जाने से इनकार कर दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *