प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के उलगड्डा पंचायत के ठाकुर टोला एवं बारू-टुंगरी में 11 जून को दो नए विद्युत ट्रांसफार्मरों का विधिवत उद्घाटन गोमिया के पुर्व विधायक द्वारा फीता काटकर किया गया।
उपरोक्त टोलों में ट्रांसफार्मरों के स्थापित होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा ग्रामीणों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा का लाभ मिलेगा।
उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में बिजली की समस्या थी। नए ट्रांसफार्मरों के चालू होने से लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं में काफी हद तक राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुर्व विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। बिजली, सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मरों के स्थापित होने से न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि किसानों, विद्यार्थियों और छोटे व्यवसायियों को भी बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि उलगड्डा पंचायत के ठाकुर टोला तथा बारू-टुंगरी में नए विद्युत ट्रांसफार्मरों की स्थापना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों को बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी। कहा कि हमारी कोशिश है कि हर गांव तक सुचारू और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि रहिवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। सभी ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की इस पहल का स्वागत किया।
![]()













Leave a Reply