Advertisement

दिव्यांगजनों को मिली नई रफ्तार, 10 लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन बोकारो एवं ओएनजीसी द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद के तहत जिले के 10 दिव्यांगजनों के बीच 11 जून को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।

इस अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने लाभुकों को ट्राईसाइकिल प्रदान करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आवागमन को आसान करने के लिए यह पहल की गई है, जिससे वे अपने दैनिक कार्यों को अधिक सुविधा के साथ पूरा कर सकेंगे।

उपायुक्त ने कहा कि जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जिला प्रशासन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। समाज के प्रत्येक जरूरतमंदो को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले, इसके लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने ओएनजीसी द्वारा सीएसआर के तहत किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और कॉर्पोरेट संस्थानों के समन्वय से समाज के वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचाने में काफी मदद मिलती है। बैटरी चालित ट्राईसाइकिल मिलने पर लाभुकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं ओएनजीसी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *