Advertisement

हत्या कर लिखाई सुइसाइड की झूठी रिपोर्ट

नालासोपारा (मुंबई)। मंगलवार की दोपहर नालासोपारा पश्चिम में एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को किचन में लगे पंखे के हुक पर साड़ी के सहारे लटका दिया, ताकि पुलिस को आत्महत्या बताकर बचा जा सके। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। दो दिन बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर पता चला कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस निरीक्षक भरत जाधव ने बताया कि पश्चिम के श्रीप्रस्था स्थित स्काई हाइट्स निवासी रेणु अमित सिंह (41) अपने पति अमित रविंद्र सिंह (45) के साथ रहती थी।

अमित कोई काम धंधा नहीं करता था। पुलिस सूत्रों की मानें, तो वह धंधे के नाम पर ससुराल पक्ष से करीब 9 लाख रुपये ले चुका था। अमित कांदिवली से आकर 12 मई से नालासोपारा में किराए के फ्लैट में रह रहा था। पैसों को लेकर वह काफी डिप्रेशन में था।

घटना के दिन मंगलवार को करीब 2 बजे पैसे लौटाने को लेकर पत्नी से उसकी कहासुनी हो गई, जिसके चलते उसने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को किचन में लगे पंखे के हुक पर साड़ी के सहारे लटका दिया, कुछ देर बाद उसने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की मगर असफल रहा। पुलिस ने उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर वसई कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे 24 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *