रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा के खिलाफ दिवस के अवसर पर बोकारो जिले में सक्रिय संस्था सहयोगिनी ने 25 नवंबर को सघन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
जानकारी के अनुसार सहयोगिनी संस्था ने जिला के हद में कसमार, जरीडीह और चंद्रपुरा प्रखंडों में नुक्कड़ नाटक और जन जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों के विरुद्ध होने वाली हिंसा को समाप्त करने का संदेश दिया। सहयोगिनी की सचिव कल्याणी सागर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि, महिलाओं और लड़कियों के साथ विभिन्न प्रकार की हिंसा होती है, जिसे तत्काल समाप्त किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि संस्था बोकारो जिले में इस दिशा में सघन रूप से कार्य कर रही है। कहा कि हम लड़कियों का समूह बनाकर उन्हें लगातार विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण और कानूनी जानकारियाँ प्रदान करते हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य लड़कियों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, ताकि वे अपने अधिकारों के लिए सशक्त बन सकें। सहयोगिनी की समन्वयक कुमारी किरण ने बताया कि नुक्कड़ नाटक और जन जागरूकता के माध्यम से महिलाओं पर होने वाली हिंसा के संबंध में आमजनों के बीच जागरूकता का कार्य किया गया।
इसका उद्देश्य समाज में इस गंभीर मुद्दे पर खुलकर चर्चा शुरू करना और हिंसा को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के साथ दहेज हिंसा, डायन प्रथा, घरेलू हिंसा, छेड़खानी, दुष्कर्म, बाल विवाह, बाल तस्करी जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही है। इसके साथ-साथ ऑनलाइन के माध्यम से महिलाओं को ज्यादा प्रताड़ित किया जा रहा है, इसे लेकर के आमजनों के बीच जन जागरूकता की काफी आवश्यकता है। संस्था इस पर लगातार कार्य कर रही है। जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की पायल कुमारी, स्वाति कुमारी, कुलदीप कुमार, मंजू देवी सहित कई सदस्यगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply