एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में 7 नवंबर को बोकारो जिला के विभिन्न प्रखण्ड के चिकित्सा पदाधिकारी, स्टाफ नर्स एवं एएनएम को एक दिवसीय प्रशिक्षण सोशल अवेयरनेस एंड एक्शन टू न्यूट्ररालाइज़ न्यूमोनिआ सक्सेसफुल्ली (एसएएएनएस) विषय पर दिया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि एसएएएनएस का मतलब निमोनिया को सफलतापूर्वक निष्क्रीय करने के लिए निमोनिया के लक्षणों को पहचानना और बचाव व रोकथाम हेतु समय पर इसका इलाज करना है। प्रशिक्षण के दौरान आरसीएच पदाधिकारी डॉ सेलिना टुडू द्वारा प्रतिभागियों को बताया गया कि निमोनिया देशभर में 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों में स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण खतरा है।
उन्होंने निमोनिया के लक्षणों को पहचान कर उसके रोकथाम या बचाव कैसे किया जाय, इसके बारे में विस्तृत से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का उद्देश्यों पर चर्चा किया गया। कहा गया कि एसएएएनएस प्रशिक्षण का उददेश्य जागरूकता बढ़ाना। जिसमें माता-पिता और देखभाल करने वालों को निमोनिया के लक्षणों की रोकथाम और उपचार के बारे में शिक्षित करना, शीघ्र पहचान को बढ़ावा देना।
जिसमें तेजी से सांस लेना, सीने में खिंचाव और बुखार जैसे लक्षणों की जल्दी पहचान करने के लिए प्रोत्साहित करना, ताकि तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
इसकी देखभाल में सुधार को लेकर निमोनिया से बचाव के लिए टीकाकरण पोषण, स्तनपान सहित स्वच्छता जैसे निवारक उपायों को बढ़ावा देना। स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करना। जिसमें सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं में स्वास्थ्य कर्मियों को निमोनिया के प्रभावी प्रबंधन और उपचार के लिए प्रशिक्षित करना शामिल है। प्रशिक्षण के दौरान डॉ पंकज कुमार, स्वास्थ्य प्रशिक्षक ज्योतिका कुमारी, उर्मिला कुमारी एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply