सारण जिले के 108 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में सुरक्षित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में दस विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को छिटपुट घटनाओं का छोड़कर मतदान शांति पूर्वक संपन्न हो गया। इसके साथ ही जिले के 108 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में सुरक्षित बंद हो गया। हालांकि जिले में कहीं कहीं से मतदान के दौरान छिटपुट घटना की सूचना है।
बताया जाता है कि संध्या 5 बजे तक सारण जिला में कुल 60.90 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। सारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अमन समीर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने मतदान समाप्ति के निर्धारित समय के उपरांत मीडिया ब्रीफ़िंग की।
अधिकारी द्वय ने बताया कि जिला में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया है। अपराह्न 5 बजे तक जिला में 60.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान के अंतिम आंकड़े मतदान प्रक्रिया की पूर्ण समाप्ति के उपरांत उपलब्ध होगा।
लोकतंत्र के इस महा उत्सव में सहभागिता के लिए सारण जिला के समस्त मतदाताओं को साधुवाद दिया गया। साथ ही मतदान प्रक्रिया के शांतिपूर्ण सम्पन्न होने में मीडिया सहित अन्य सभी के भूमिका की सराहना की गयी। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ आशीष ने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया की समाप्ति तक एवं इसके उपरांत विधि व्यवस्था को सामान्य बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिये सारा प्रशासन सजग एवं तत्पर है। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था में किसी भी तरह से व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जायेगा।
इन प्रत्याशियों का भाग्य हुआ ईवीएम में बंद
संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में सारण जिला मुख्यालय छपरा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी छोटी कुमारी एवं भोजपुरी फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न यादव उर्फ खेसारी लाल यादव, सोनपुर के निवर्तमान आरजेडी विधायक डॉ रामानुज प्रसाद तथा बिहार भाजपा अनुशासन समिति के अध्यक्ष सोनपुर के पूर्व विधायक विनय कुमार सिंह, परसा में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. दारोगा प्रसाद राय की पौत्री जदयू के करिश्मा व् निवर्तमान विधायक छोटे लाल राय, मढ़ौरा से राजद प्रत्याशी पूर्व मंत्री जितेन्द्र कुमार राय, जनसुराज के नवीन कुमार सिंह उर्फ अभय सिंह, अमनौर में निवर्तमान भाजपा विधायक कृष्ण कुमार मंटू, तरैया से भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान विधायक जनक सिंह, बनियापुर से भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह, मांझी से जदयू प्रत्याशी रणधीर कुमार सिंह, एकमा से जदयू प्रत्याशी मनोरंजन सिंह, आरजेडी के श्रीकांत यादव एवं गरखा से लोजपा (रामविलास) से सीमांत मृणाल और राजद से सुरेन्द्र राम आदि 108 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। मतगणना आगामी 14 नवंबर को होगा।
![]()













Leave a Reply