जिला प्रशासन प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी सम्मान जारी रखेगा-वासुदेव मुंडा
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा क्षेत्र में दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चाईबासा जिला प्रशासन की ओर से आठ पूजा पंडाल समितियों को सम्मानित किया गया।
इस संबंध में 5 नवंबर की देर शाम गुवा थाना परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी पूजा पंडाल समितियों के प्रतिनिधियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता किरीबुरू के अंचल पुलिस निरीक्षक वासुदेव मुंडा ने की। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष दुर्गा पूजा और विसर्जन कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण रहा, जिसके लिए सभी पूजा समितियां प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी सम्मान जारी रखेगा। साथ ही उन्होंने अपील की कि आने वाले वर्षों में भी सार्वजनिक पूजा कार्यक्रम इसी सौहार्द और अनुशासन के साथ आयोजित किए जाएं।
मौके पर गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि बुराई पर भलाई की विजय का प्रतीक देवी दुर्गा का पूजा शांति पूर्ण ढंग से मनाने के लिए सभी बधाई के पात्र है। मौके पर विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य और स्थानीय गणमान्य उपस्थित थे। ज्ञात हो कि उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक एकता, धार्मिक सद्भाव और प्रशासनिक सहयोग के बीच बेहतर तालमेल को बढ़ावा देना रहा है।
![]()













Leave a Reply