Advertisement

सीसीएल सीएमडी ने किया कथारा क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं का दौरा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी इकाई सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नीलेंदु कुमार सिंह ने 4 नवंबर को बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं में कोयला उत्पादन की स्थिति का निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार सीएमडी सिंह ने कथारा क्षेत्र के कथारा कोलियरी, जारंगडीह खुली खदान कोलियरी, स्वांग गोविंदपुर फेस टू कोलियरी सहित कथारा कोल वाशरी का निरीक्षण किया। इस क्रम में कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक, सभी विभागों के क्षेत्राधिकारी सहित परियोजनाओं के पीओ व संबंधित परियोजना के अधिकारीगण मौजूद थे।

इस अवसर पर अतिथि गृह कथारा में एक भेंट में सीएमडी सिंह ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में कथारा क्षेत्र अपने 10 वर्षों का उत्पादन रिकॉर्ड तोड़ते हुए कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच के लक्ष्य को हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि सीसीएल के साथ कथारा क्षेत्र का भी भविष्य उज्जवल है। क्षेत्र के कथारा कोलियरी, जारंगडीह कोलियरी, गोविंदपुर फेस टू कोलियरी पहले की अपेक्षा कोयला उत्पादन तथा संप्रेषण में पॉजिटिव प्रदर्शन कर रहा है।

वहीं कथारा वाशरी में रॉ कोल के इनपुट को बढ़ाने सहित 22 सौ टन से 3 हजार टन प्रतिदिन वाश कोल उत्पादन करने को लेकर उन्होंने पीओ को आवश्यक निर्देश दिया है। कहा कि न्यू कथारा वाशरी कार्य को प्रारंभ कराने के लिए कोल स्टॉक को 3 महीने के अंदर खाली करने तथा एक महीने में स्क्रैप यार्ड को दूसरे स्थान पर शिफ्टिंग करने का उन्होंने आदेश दिया हैं, ताकि न्यू वाशरी का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके।

उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियों को भी मशीनरी सहित अन्य संसाधन बढ़ाने का आदेश दिया। कहा कि क्षेत्र में प्रस्तावित स्वांग पिपराडीह नई परियोजना के चालू करने को लेकर तेज गति से काम चल रहा है। लैंड ऑथेंटिकेशन का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जिसके पूरे होने पर फॉरेस्ट व् एनवायरनमेंट आदि क्लीयरेंस भी ले लिया जाएगा, ताकि वर्ष 2026 के दिसंबर माह तक उक्त परियोजना अस्तित्व में आ सके।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के महाप्रबंधक के प्रयास से डिपार्टमेंटल कार्यों में मशीनरी आदि का उपयोग में अहम योगदान है। कहा कि डीजीएमएस द्वारा क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं के कई खदानों में लगाए गए सेक्शन 22 को हटाने में भी महाप्रबंधक का कुशल नेतृत्व रहा है। कहा कि कोयला प्रतिष्ठान द्वारा कोयला उत्पादन करना एक नियमित प्रक्रिया है, लेकिन इसके साथ सीसीएल प्रतिष्ठान सामाजिक सरोकारों को पूरी प्रतिबद्धता से करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बेहतर उत्पादन एवं डिस्पैच कार्य के लिए मुख्यालय स्तर से हर संभव संसाधन, उपकरण एवं पार्ट्स उपलब्ध कराए जाएंगे।

मौके पर क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार, महाप्रबंधक सह क्षेत्राधिकारी विद्युत एवं यांत्रिक बिपिन कुमार, महाप्रबंधक सह क्षेत्राधिकारी उत्खनन अभिजीत दत्ता, क्षेत्राधिकारी खनन, क्षेत्राधिकारी योजना एवं परियोजना अर्जुन कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी असैनिक संजय सिंह, स्वांग गोबिंदपुर फेज टू पीओ अनिल कुमार तिवारी, कथारा वाशरी पीओ अमरेंद्र कुमार, जारंगडीह पीओ प्रबीर कुमार सेन गुप्ता, कथारा कोलियरी के प्रभारी परियोजना पदाधिकारी कृष्ण मुरारी सहित यूनियन प्रतिनिधि सर्वजीत कुमार पांडेय, एमएन सिंह आदि उपस्थित थे।

जमसं नेता राजकुमार मंडल के नेतृत्व में सीसीएल सीएमडी को किया गया सम्मानित

एक अन्य जानकारी के अनुसार जनता मजदूर संघ कथारा क्षेत्रीय सचिव राजकुमार मंडल के नेतृत्व में यूनियन के पदाधिकारीगण द्वारा कथारा अतिथि गृह में सीसीएल के सीएमडी निलेंदू कुमार सिंह को बुके देकर और अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। सम्मानित करने वालो में जमसं के जितेंद्र मंडल, दीपक कुमार, जितेंद्र त्रिपाठी, देवनारायण यादव, हेमंत कुमार आदि शामिल थे। इससे पुर्व विभिन्न परियोजनाओं में भी सीएमडी सिंह को सम्मानित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *