Advertisement

वीरगाथा चित्रकला प्रतियोगिता में डीएवी कथारा के बच्चे सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में 4 नवंबर को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में विद्यालय के होनहार तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उक्त जानकारी विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा बी. के. दसौंधी ने संयुक्त रूप से दी।

ज्ञात हो कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से वीरगाथा परियोजना का संचालन वर्ष 2021 से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्कूली छात्र-छात्राओं में वीरता पुरस्कार प्राप्त विजेताओं के प्रति सम्मान एवं जानकारी बढ़ाना है। इस वर्ष वीरगाथा 5.0 का आयोजन किया जा रहा है।

बताया गया कि वीरगाथा 5.0 के तहत डीएवी कथारा के तीसरी कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी निबंध, भाषण, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। विद्यालय के छात्रों ने बड़ी संख्या में चित्रकला प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। जिनमें चार छात्रों को सम्मानित किया गया।इनमें वर्ग चौथी के अक्षत साव, छठी कक्षा की रितिका शर्मा, दसवीं कक्षा के छात्र मनीष एवं 12वीं की छात्रा पलक कुमारी शामिल है। इसके अतिरिक्त दामोदर घाटी निगम द्वारा सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय की आठवीं कक्षा की छात्रा सुभोष्मिता स्वाईं ने सांत्वना पुरस्कार जीता।

उपरोक्त सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने के पश्चात डीएवी कथारा के प्राचार्य सह झारखंड जोन -आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने अपने संबोधन में कहा कि वाकई यह बच्चे प्रतिभा के धनी है, जिन्होंने इतने बड़े मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि वीर गाथा परियोजना देशभक्ति को दर्शाता एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी आने वाली पीढ़ी को इसके विषय में जानकारी अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर शहीदों का कर्जदार है। इन्हीं की बदौलत हम अपने घरों में सुरक्षित है।

सतर्कता जागरूकता के विषय में प्राचार्य डॉ खान ने उपस्थित विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए कहा कि सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी है। यदि हम ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, तभी हमारा देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। विद्यार्थी आने वाले भारत की तस्वीर है। इसलिए आपको पूरी निष्ठा के साथ ईमानदारी को अपने व्यक्तित्व में सम्मिलित करना चाहिए। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *