Advertisement

अपने प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में वैशाली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने की सभा

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार में होनेवाले विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान वैशाली जिला के सभी आठ विधानसभा क्षेत्र में 6 नवंबर को होगा। वैशाली जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे है।

जिसमे लालगंज विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी आदित्य कुमार उर्फ राजा अपना नामांकन वापस कर भाजपा प्रत्याशी के प्रचार में लग गए हैं।
कांग्रेस बिहार में महागठबंधन के घटक दल के रूप में चुनाव लड़ रही है, लेकिन वैशाली जिले में कांग्रेस का अजीबोगरीब हाल है। जिला के हद में राजापाकर विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक प्रतिमा कुमारी कांग्रेस प्रत्याशी हैं, लेकिन यहां समाजवादी दल का भी प्रत्याशी चुनौती दे रहा है। दूसरी ओर वैशाली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ राजद प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

पहली बार 3 नवंबर को कांग्रेस का कोई बड़ा नेता वैशाली जिले में अपने प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में पहुंचा। जिला के हद में राजापाकर के बैकुंठपुर स्कूल प्रांगण में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन मपन्ना खड़गे के अलावे
पूर्व लोकसभा में विरोधी दल नेता अधीर रंजन चौधरी, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश वघेल, कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल, लालू यादव के हरियाणा के विधायक दामाद चिरंजीव प्रसाद यादव व् अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि बिहार का यह विधानसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। महागठबंधन पार्टी को जीतना जरूरी है। कहा कि यदि हम ज्यादा सीट नहीं जीतते हैं, तो गठबंधन को घाटा होगा एवं भाजपा की सरकार बनेगी। इसलिए हम सभी महागठबंधन उम्मीदवार कांग्रेस के प्रतिमा कुमारी को पंजा छाप पर वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेज कर लालू-तेजस्वी के हाथों को मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र राज्य वाली यहां हालत होगी। एकनाथ शिंदे को बीजेपी ने महाराष्ट्र में सीएम का प्रलोभन देकर चुनाव जीत लिया एवं अपने नेता देवेंद्र फडणवीस को सीएम बना दिया। बिहार में चुनाव जीतने पर वे अपने पार्टी के किसी नेता को सीएम बनाएगें। भाजपाई सीएम नीतीश कुमार को बोलेंगे आप बुजुर्ग हो गए हैं। आप घर में बैठिए। इसलिए आप सभी को महागठबंधन को वोट करना है।

खड़गे ने कहा कि इडी-सीबीआई का डर दिखाकर विपक्ष को जेल भेजा जा रहा है एवं भाजपा में जाते ही सभी पाक-साफ हो जाते है। नीतीश कुमार ने बिहार में 9 बार शपथ लिया, 20 साल शासन किया लेकिन आज तक बिहार से गरीबी नहीं गई। मजदूर पलायन कर रहे हैं। रोजगार के लिए दूसरे राज्य जा रहे हैं। क्या नीतीश 20 साल में पलायन को नहीं रोक सकते थे? नौकरी नहीं दे सकते थे? झूठे विकास का डंका पीट रहे हैं।

सभा मे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि पूरे बिहार में महागठबंधन की लहर चल रही है। प्रत्याशी प्रतिमा कुमारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं राजापाकर विधानसभा क्षेत्र से 5 साल के कार्यकाल में अनेक विकास कार्य किए हैं। किसी को मेरे प्रति गलती हुई या गिला शिकवा है तो आप सभी माफ करेंगे।
इस अवसर पर राजद सुप्रीमो लालू यादव के दामाद ने भी महागठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिमा कुमारी को मत देने की अपील की।

सभा में हरियाणा विधानसभा के कांग्रेस सदस्य ने अपना परिचय लालू के दामाद के रूप में देते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के लिए मतदाताओं से हाथ जोड़कर मतदान करने और उन्हें विजय बनाने की अपील की। मंच संचालन कांग्रेस नेता सह अधिवक्ता मुकेश रंजन ने किया। सभा में अनेक राजद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे द्वारा अपने 30 मिनट के भाषण में राजद के लालू राबड़ी तेजस्वी का नाम नहीं लिए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *