गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव की तारीख 6 नवंबर जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है वैशाली जिले में महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बीच चुनावी संघर्ष तेज होता जा रहा है। इस चुनावी संघर्ष को पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव की जनशक्ति जनता दल ने चुनाव को त्रिकोणात्मक बना दिया है।
जिला के हद में महुआ विधानसभा क्षेत्र जहां से राजद के वर्तमान विधायक मुकेश रोशन चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी से प्रत्याशी है। बीते 2 नवंबर को महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव महुआ विधानसभा में अपने दल के प्रत्याशी मुकेश रोशन के पक्ष में प्रचार करने आए और अपने प्रत्याशी को जीताने की आम जनता से अपील की।
विदित हो कि सन 2015 के विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव महुआ से विधायक चुने गए, जबकि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में यहां से मुकेश रोशन राजद के टिकट पर चुनाव जीते। लेकिन घटनाक्रम के दौरान लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव को अपने दल राजद से निष्कासित कर दिया। तेज प्रताप दल और परिवार से बेदखल होने के बाद अपना अलग राजनीतिक दल बनाया है और पूरे बिहार के 42 विधानसभा क्षेत्र में राजद उम्मीदवार के खिलाफ अपना प्रत्याशी उतारा है।
ज्ञात हो कि, तेज प्रताप ने घोषणा कर रखी थी कि वे तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में उनके खिलाफ चुनाव प्रचार के लिए नहीं जाएंगे, अगर तेजस्वी महुआ में अपने प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार में आते हैं तो वह भी राघोपुर जाएंगे। तेजस्वी के बीते 2 नवंबर को महुआ में अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करने के बाद 3 नवंबर तेज प्रताप यादव राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से खड़े अपने प्रत्याशी जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार प्रेम कुमार यादव के समर्थन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया।
राघोपुर में तेज प्रताप ने जनसभा में आए हुए जनता जनार्दन का बहुत बहुत धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे लिए दोनों महुआ और राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की आदरणीय जनता जनार्दन परिवार के समान है। साथ ही राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता जनार्दन से यह वादा भी किया कि यहां की सभी बुनियादी सुविधाओं सहित बेहतर विकास करने का काम वे करेंगे। तेजप्रताप ने आगामी 6 नवंबर को जनशक्ति जनता दल के ब्लैकबोर्ड चुनाव चिन्ह पर अपना आशीर्वाद देकर प्रेम कुमार यादव को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
महुआ क्षेत्र की जनता ही मेरे माता-पिता-तेज प्रताप
वैशाली जिला के हद में महुआ विधानसभा क्षेत्र के चेहरा कला में जनशक्ति जनता दल पार्टी प्रमुख तेज प्रताप यादव ने आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। सभा को संबोधित करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि माता-पिता और भाई ने घर और पार्टी से जयचंद के इशारे पर निकलवाया है। अब महुआ क्षेत्र की जनता ही मेरे माता-पिता हैं।
तेज प्रताप ने यह बातें चेहराकलां झापस चौक के निकट चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बहुरूपिया से सावधान रहिए। पिछली बार आपने मुझे जिताया तो मैंने मेडिकल कॉलेज दिया। अब महुआ को जिला और इंजीनियरिंग कॉलेज सहित बहुत कुछ देंगे। सभा में तेज प्रताप ने जनता के सामने कहा कि अब मेरे मां-बाप और परिवार आप ही है, मुझे वोट देकर परिवार का सदस्य बनाइए।
सभा में पंचायत के मुखिया ब्रह्मदेव राय, पूर्व जिला पार्षद विद्या कुमारी राय, जिलाध्यक्ष सुरेश राय, देवेंद्र राय, सूबेदार राय, रत्नेश राय, रंधीर राय शामिल थे।
वहीं पातेपुर विधानसभा क्षेत्र के अपने प्रत्याशी के पक्ष में कृष्णवाड़ा हाईस्कूल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेज प्रताप यादव ने अपने प्रत्याशी पूर्व जिला पार्षद रीना चौधरी को जिताने की अपील की। सभा में तेजप्रताप ने कहा कि हरा झंडा वाला राजद पार्टी फर्जी है। असली लालूजी की पार्टी यही है। हरा झंडा वाला राजद अब जयचंद की मुट्ठी में है।
उन्होंने कहा कि महुआ में उन्हें रहिवासियों का अपार जनसमर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। यहां उनके प्रत्याशी को जिताइए। हम वादा करते हैं कि पातेपुर और महुआ के बीच इंजीनियरिंग कॉलेज खुलवाएंगे। इधर आज महुआ पातेपुर और राघोपुर में तेजप्रताप यादव की हुई सभा के बाद सभा में भारी भीड़ को देखते हुए महागठबंधन के प्रत्याशियों की चिंता बढ़ गई है और इन क्षेत्रों मे राजद के कोर वोटर यादव में विभाजन की आशंका जताई जा रही है।
![]()













Leave a Reply