एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार में पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई तथा कार्रवाई के लिए महागठबंधन की सरकार जरूरी है। जिले के मतदाता सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में भारी मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं।
उक्त अपील समस्तीपुर के चर्चित आंदोलनकारी सह भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने 2 नवंबर को समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान जिले के मतदाताओं से की। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों की भाजपा-जदयू की नीतीश सरकार शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, सिंचाई एवं भ्रष्ट कर्मियों-अधिकारियों पर लगाम नहीं लगा सकी।
आज भी थाना, अंचल, प्रखंड, मनरेगा, आपूर्ति, बाल विकास आदि कार्यालय पूरी तरह भ्रष्टाचार की चपेट में है। जनता की गाढ़ी कमाई को लालच देकर लूट लिया जाता है। दलित-गरीबों को न्याय से वंचित होना पड़ता है। सरकार की ग़लत नीति के कारण लगभग 70 प्रतिशत परिवारों को त्रृणी बनाकर रख दिया गया है। आंदोलनकारी सिंह ने कहा कि एक ओर सरकार ऑनलाइन गेम को बढ़ावा देकर नौनिहालों का भविष्य बर्बाद कर रही है, तो दूसरी ओर नौनिहाल सूखा नशा का शिकार हो रहा है।
इसे रोकने-टोकने-देखने में सरकार असमर्थ है। राज्य में हत्या-अपराध की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महिमा मंडित किया जा रहा है। सरकारी संरक्षण में भू-माफिया कमजोर वर्ग का जमीन हड़प रहे हैं। 20 वर्षों की नीतीश सरकार अब किंकर्तव्यविमूढ़ है। इसलिए उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि बिहार में महागठबंधन की सरकार बन सके।
![]()













Leave a Reply