गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में महुआ विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन के मुख्यमंत्री प्रत्याशी तेजस्वी यादव चुनाव लड़ रहे अपने प्रत्याशी मुकेश रोशन (वर्तमान विधायक) के समर्थन में 2 नवंबर को रोड शो और सभा कर प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील करेंगे।
जबकि इसी महुआ विधानसभा क्षेत्र से तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव भी चुनाव मैदान में है। बता दें कि कुछ ही समय पहले लालू यादव ने तेज प्रताप को राजद पार्टी और परिवार से निकाल दिया था। ऐसे में तेज प्रताप ने नई पार्टी जनशक्ति जनता दल का गठन किया है और भाई तेजस्वी के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं।
तेज प्रताप खुद महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अब महुआ में चुनाव को लेकर तेज प्रताप ने अपने भाई और राजद नेता तेजस्वी को बड़ी चेतावनी दे रखी है। तेज प्रताप महुआ में रात को भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान तेज प्रताप ने राजद नेता तेजस्वी को चैलेंज दिया है कि अगर तेजस्वी में हिम्मत है तो लालूजी और पार्टी की छत्रछाया से बाहर निकल कर चुनाव लड़कर दिखाएं।

तेज प्रताप ने तेजस्वी को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी महुआ में उनके खिलाफ प्रचार करने आएंगे तो वे भी राघोपुर जायेंगे। बता दें कि तेजस्वी यादव बिहार की राघोपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। ज्ञात हो कि, तेज प्रताप महुआ विधानसभा से सन 2015 में विधायक चुने गए और विधायक बनने के बाद महुआ विधानसभा क्षेत्र की आम जनता से तेज प्रताप का सीधा संपर्क रहता आया।
तेज प्रताप ने महुआ में बिहार सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज की स्थापना कराई। साथ ही उनका महुआ की जनता के साथ सीधा जुड़ाव है। गत एक माह के अंदर तेज प्रताप ने आम जनता से घर-घर जाकर इस चुनाव में अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं। उन्हें महुआ की जनता का काफी सहयोग भी मिल रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का अनुमान है कि यहां के यादव समुदाय तेज प्रताप के साथ है और यादव समुदाय के अलावे अन्य जातियों का भी तेज प्रताप को समर्थन मिल रहा है।
जिस वजह से महुआ विधानसभा में किसी भी उम्मीदवार की लड़ाई तेज प्रताप से ही है। बीते 31 अक्टूबर को भोजपुरी फिल्मी दुनिया की अदाकारा पाखी हेगड़े ने तेज प्रताप के समर्थन में महुआ में आम जनता के बीच जाकर रोड शो किया और तेज प्रताप के साथ एक जनसभा को भी संबोधित किया। वहीं 2 नवंबर को तेजस्वी यादव के महुआ आने के बाद तेज प्रताप यादव का अगला कदम क्या होगा, जिस पर स्थानीय और राजनीतिक प्रेक्षकों की नजर है।
![]()













Leave a Reply