अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय छपरा में प्रस्तावित शांतिपूर्ण विरोध मार्च के दौरान 25 जुलाई को अराजक तत्वों ने व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास किया। जिला प्रशासन के अनुसार, मार्च के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने अचानक उग्र रूप धारण करते हुए पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला दंडाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कुल 30 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है।
बताया जाता है कि सारण जिला में घटित उपद्रव की घटना के बाद से ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा शहर की गलियों और संदेहास्पद ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि उपद्रव में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।
जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। छपरा शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के संयुक्त नेतृत्व में शहर के खनुआ नाला क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। अधिकारियों की टीम ने छपरा शहर के पूर्वी छोर से लेकर पश्चिमी छोर तक फ्लैग मार्च किया।

इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने आम रहिवासियों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। जिला प्रशासन ने रहिवासियों से आह्वान किया है कि यदि उन्हें कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
सारण जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सदर डीसीएलआर सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी और सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है। रहिवासियों से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की विशेष अपील की गई है।
पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों की तलाश तेज, पुलिस ने मांगी आमजन से मदद
बताया जाता है कि 25 जुलाई की दोपहर सारण में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए पुलिस के सरकारी वाहन में तोड़फोड़ और क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त है और उपद्रवियों की पहचान के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
सारण पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित वीडियो या उपद्रवियों की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वे पुलिस को साझा करें। जानकारी में निम्नलिखित विवरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है:
उपद्रवी का नाम एवं पिता का नाम, स्पष्ट फोटो एवं पूरा पता,
संभव हो तो मोबाइल नंबर।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान को पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा। संपर्क के लिए पुलिस ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जारी की है। आमजन किसी भी प्रकार की सूचना देने के लिए निम्नलिखित अधिकारियों
वरीय पुलिस अधीक्षक सारण 9031827135, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय छपरा 9031827144, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 9031036406, नगर थानाध्यक्ष 9031827154 से सीधे संपर्क कर सकते हैं।सारण पुलिस ने जिले के सभी अमन पसंद रहिवासियों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
![]()













Leave a Reply