Advertisement

हजारों दीयों से जगमगाया बाबा हरिहरनाथ मंदिर, दीपोत्सव में उमड़ा सैलाब

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर के ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 5 नवंबर को भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपोत्सव के दौरान पूरा मंदिर परिसर आस्था, भक्ति और प्रकाश से जगमगा उठा।

जानकारी के अनुसार संध्या काल में मंदिर प्रशासन, स्थानीय भक्तों और सेवादल के कार्यकर्ताओं के सहयोग से आयोजित दीपोत्सव की शुरुआत बाबा हरिहरनाथ की विशेष महाआरती से की गयी। आरती के बाद मंदिर परिसर हजारों दीयों की अलौकिक रोशनी से आलोकित हो उठा। इस विहंगम दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

इस पावन अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों ने भक्तों को संबोधित किया। सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने कहा कि भीतर के अंधकार को मिटाना ही असली प्रकाश है। कहा कि हर दिल में परमात्मा का एक छोटा-सा निवास है। आइए, मिलकर श्रद्धा और विश्वास का यह दीया जलाएं, क्योंकि आज की रात धरा पर स्वयं ईश्वर का प्रकाश है।

समाजसेवी विनोद सम्राट ने कहा कि आइए, अपने भीतर की चेतना को जगाते हुए इस पावन दीपोत्सव का आनंद प्राप्त कर स्वयं को धन्य करें। कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार ने कहा कि मिटेगा मन का अंधेरा, जब राम नाम की ज्योति जलेगी। भक्ति के इस पावन सागर में हर आत्मा आज तैरेगी। प्रो. चंद्रभूषण तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि सिर्फ दीये मत जलाओ, दिल के कपाट भी खोलकर देखो। अयोध्या तो निमित्त है, प्रभु की कृपा हर हृदय में सजेगी। सह-कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा ने भक्तों से कहा कि साकेत धाम की पावन ऊर्जा को अपने भीतर महसूस कीजिए, क्योंकि आज हर हृदय अयोध्या बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि दीयों की यह कतार तो कल सुबह शांत हो जाएगी, मगर भक्ति की यह लौ जीवन भर राह दिखाएगी।

इस उत्सव को ऐतिहासिक बनाने में सेवादल के प्रमुख विश्वजीत सिंह विशु, प्रसून मिश्रा, अमित सिंह, प्रियांशु, पुटुश, आयुष, रोहित, काजल, सलोनी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने शारीरिक और आर्थिक सहयोग से मंदिर परिसर में हजारों दीपक जलाकर बाबा हरिहरनाथ की नगरी को प्रकाश उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *