Advertisement

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र; 19 प्रत्याशियों का पर्चा वैध, 9 तक वापस ले सकेंगे नाम

आगामी 23 अक्टूबर को जिला के 98 केंद्रों पर होगा मतदान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधान परिषद के हद में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की संवीक्षा जिला मुख्यालय छपरा में 7 अक्टूबर को संपन्न हो गई। संवीक्षा में दाखिल सभी 19 नामांकन पत्र वैध पाए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीते 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। आज इन सभी पर्चों की जांच की गई।

जानकारी के अनुसार संवीक्षा के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक दीपक आनंद (2007 बैच के वरीय भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी) उपस्थित रहे। इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त सारण प्रमंडल मनीष कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह- आयुक्त के सचिव प्रमोद कुमार पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

संवीक्षा के बाद विधि-मान्य अभ्यर्थियों की फोटो सहित एवं फोटो रहित सूची का आज ही प्रकाशन कर दिया गया। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रकाशित सूची में अपने नाम एवं फोटो का मिलान कर लें। यदि नाम या फोटो में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित समयावधि में सुधार करा लें। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आगामी 9 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद उसी दिन चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

इसी अंतिम सूची के आधार पर मतपत्रों की छपाई होगी।
गौरतलब है कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आगामी 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए जिले में कुल 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में प्रमंडल के सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिला शामिल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *