हरिहर महाक्षेत्र सहित चार पुस्तकों का होगा लोकार्पण
प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। हरिहर क्षेत्र चेतना मंच के बैनर तले आगामी 25 अक्टूबर को सारण जिला के हद में सोनपुर के गज-ग्राह चौक स्थित संगत ग्रैंड सभागार में हरिहर क्षेत्र साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। एक दिवसीय इस महाआयोजन का विधिवत शुभारंभ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय प्रातः 10:45 बजे करेंगे। इस अवसर पर चार प्रमुख साहित्यिक कृतियों का लोकार्पण किया जाएगा।
बताया जाता है कि इस महा आयोजन के दौरान जिन चार पुस्तकों का लोकार्पण होगा, उनमें हरिहर महाक्षेत्र (अतीत और वर्तमान): *जगत प्रहरी के सारण जिला प्रभारी पत्रकार अवध किशोर शर्मा* की यह नवीनतम कृति 107 पृष्ठों और 44 अध्यायों में समाहित है। यह पुस्तक हरिहर क्षेत्र के समग्र तीर्थ-बोध का संक्षिप्त दस्तावेज है। बता दें कि लेखक की पहली पुस्तक हरिहर क्षेत्र: तीर्थ और मेला वर्ष 2022 में प्रकाशित हो चुकी है।
इसके अलावा साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी के संपादन में प्रकाशित युग चेतना एवं शब्द संस्कृति: हरिहर क्षेत्र साहित्य उत्सव का यह विशेष ग्रंथ उत्सव के विचारों को सहेजेगा। मेरी यूरोप यात्रा: मंच के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता महेंद्र प्रताप का यात्रा- वृत्तांत पुस्तक है। जो बेहद रोचक है। जबकि नीली आंखों का माया जाल प्रगतिशील किसान जितेन्द्र कुमार सिंह द्वारा लिखित पुस्तक भी पाठकों को समर्पित होगी।
मंच के अध्यक्ष एवं पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता महेंद्र प्रताप और प्रख्यात साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी ने 23 अक्टूबर को बताया कि साहित्य उत्सव को दो प्रमुख सत्रों में विभाजित किया गया है। प्रथम सत्र (उद्घाटन एवं विचार सत्र) वैचारिक मंथन और शब्द साधना को समर्पित होगा। इसके मुख्य अतिथि देश के जाने-माने साहित्यकार डॉ संजय पंकज होंगे, जबकि विशिष्ट वक्ता के रूप में प्रबुद्ध चिंतक डॉ रणवीर कुमार राजन अपने विचार रखेंगे।
कहा गया कि द्वितीय सत्र (काव्य एवं सृजन सत्र) के लिए समर्पित होगा। दोपहर के बाद आरंभ होने वाले इस बहुप्रतीक्षित सत्र के मुख्य अतिथि तमिलनाडु हिंदी साहित्य सम्मेलन के महासचिव एवं ख्यातिलब्ध गीतकार डॉ ईश्वर करुण होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरिष्ठ गीतकार भगवती प्रसाद द्विवेदी, डॉ विद्या चौधरी और राहुल शिवाय मंच की शोभा बढ़ाएंगे। काव्य-मंच का संचालन डॉ जगन्नाथ मिश्र महाविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष एवं मशहूर गजलकार डॉ पंकज कर्ण करेंगे। कहा गया कि इस सत्र में देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे 30 से अधिक ख्यातिप्राप्त कवि अपनी ओजस्वी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
![]()













Leave a Reply