अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पांचों जिलों यथा सारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान और गोपालगंज में निर्धारित मतदान 23 अक्टूबर को स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी जिलों में सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली।
बताया जाता है कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पूर्वी चंपारण जिले के 27 प्रखंड परिसरों में मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां कुल 1743 मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करना था। विशेष उपलब्धि के तहत जिले के चार प्रखंडों घोड़ासहन, पताही, तेतरिया और रामगढ़वा में शत-प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सिवान जिले के 19 अंचल परिसरों में बने मतदान केंद्रों पर 2183 मतदाताओं के लिए व्यवस्था की गई थी। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पश्चिमी चंपारण जिले के 18 प्रखंड परिसरों में स्थित मतदान केंद्रों पर 1701 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला प्रशासन द्वारा यहाँ पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। सारण जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित ढंग से मतदान किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मतदान केंद्रों और नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। मतदान समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों की उपस्थिति में मतपेटियों को सील कर कड़ी सुरक्षा में वज्रगृह भेजा गया।
इसी क्रम में गोपालगंज जिले के सभी 14 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीर सौरभ तथा निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक दीपक आनंद ने विभिन्न केंद्रों का जायजा लिया। यहां भी मतपेटियों को सील कर सारण स्थित वज्रगृह के लिए रवाना किया गया।
उपरोक्त सभी पांचों जिलों में चुनाव को निष्पक्ष बनाने के लिए स्टैटिक फोर्स, जोनल/सुपर जोनल दंडाधिकारियों के साथ-साथ त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) की तैनाती की गई थी। जिला स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष से संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की पल-पल की निगरानी की गई, जिससे चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफल रहा।
![]()













Leave a Reply