Advertisement

आचार संहिता उल्लंघन मामले में जन सुराज प्रत्याशी अफाक अहमद पर प्राथमिकी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन के तहत सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अफाक अहमद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कार्यपालक दंडाधिकारी सदर छपरा रविकान्त सिंह ने बीते 22 अक्टूबर की देर रात नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जन सुराज पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल पर जारी एक पोस्ट में जन सुराज प्रत्याशी अफाक अहमद के नाम से सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने तथा उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की गई थी। इसी पोस्ट को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित मामला मानते हुए उक्त कार्रवाई की गई है।

बताया जाता है कि कार्यपालक दंडाधिकारी ने नगर थानाध्यक्ष से मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। निर्वाचन के दौरान इस कार्रवाई को आचार संहिता के अनुपालन से जोड़कर देखा जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *