एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सीसीएल द्वारा सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत 24 सितंबर को दो सदस्यीय टीम ने झारखंड की राजधानी रांची के कांके प्रखंड के सरकारी स्कूल मेसरा का दौरा कर विद्यार्थियों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और समृद्धि के मूल्यों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सत्यनिष्ठा एवं सकारात्मक मूल्यों की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
जानकारी सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गयी। कहा गया कि सतर्कता जागरूकता अभियान को लेकर बारिश और करमा पर्व के कारण छुट्टी के माहौल के बावजूद विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में 41 विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए, जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में 40 विद्यार्थियों ने ईमानदारी और समृद्धि से जुड़े अपने विचारों को शब्दों के माध्यम से साझा किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि ईमानदारी और सत्यनिष्ठा केवल शब्द नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले मूल्य हैं। इसी संदेश को व्यवहार में उतारने के उद्देश्य से शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर दो पौधे लगाए। शिक्षकों द्वारा ईमानदारी का वृक्ष (ट्री ऑफ आनेस्टी) तथा विद्यार्थियों द्वारा समृद्धि का वृक्ष (ट्री ऑफ प्रोस्पेरिटी) लगाया गया। इन पौधों के माध्यम से ईमानदारी, जिम्मेदारी और समृद्धि के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। जनसंपर्क विभाग के अनुसार उक्त कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा के महत्व से जोड़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया है।
![]()













Leave a Reply