Advertisement

संघ की बैठक में अधिवक्ता के साथ मारपीट की निंदा

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित अधिवक्ता संघ भवन में 10 सितंबर को एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा ने की। बैठक में संघ के सदस्य अधिवक्ता के साथ बीते दिनों हुई मारपीट की कड़ी निंदा की गयी।

इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा ने बताया कि बीते 9 सितंबर को संघ के सदस्य अधिवक्ता सोम प्रकाश डे अपना कार्य समाप्त कर तेनुघाट से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कई असामाजिक तत्वों ने रोककर उनके साथ मारपीट की। संघ इसकी घोर निंदा करता है। साथ ही सरकार से अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो की कार्रवाई भी निंदनीय है। उनके द्वारा पीड़ित अधिवक्ता के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है, जो काफी निंदनीय है। संघ मांग करता है कि उन्हें तत्काल तेनुघाट ओपी से हटाया जाए।

संघ के महासचिव वकील प्रसाद महतो ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तेनुघाट ओपी प्रभारी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस द्वारा केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी खुले घूम रहे हैं। संघ ने निर्णय लिया है कि अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें संघ के सभी सदस्य एकजुट हैं। वहीं संघ के सदस्यों ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आरोपी के पक्ष में किसी भी प्रकार की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया है।

बैठक में अरुण कुमार सिन्हा, बद्री नारायण पोद्दार, गुरुदास अड्डी, बीरेंद्र कुमार सिन्हा, देव दत्त तिवारी, सुरेश यादव, विनोद कुमार गुप्ता, महेश ठाकुर, बासु कुमार डे, रमेन्द्र कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिवक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष वेंकट हरि विश्वनाथन, सहायक सचिव शंकर ठाकुर, राकेश कुमार, पीड़ित अधिवक्ता सोम प्रकाश डे, गणेश तिवारी, मनोज कुमार सहित अन्य कई अधिवक्तागण उपस्थित थे।

इस बारे में तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो ने बताया कि अधिवक्ता डे से घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही थाना की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़कर लाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों द्वारा मामला दर्ज कराया गया। कहा कि अधिवक्ता सोम प्रकाश डे द्वारा दर्ज कराए गए मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश से तेनुघाट जेल भेज दिया गया है। मामले की छानबीन कर अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *