रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो में एकबार फिर अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती पेश की है। जिला के हद में माराफारी थाना क्षेत्र के बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के समीप 17 अक्टूबर को पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने टाटा हीटाची कंपनी के कर्मी विजय कुमार से 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भुक्तभोगी विजय कुमार बोकारो के नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से रकम निकालकर कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित एटीएम में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज और हाथापाई की तथा रुपये लूटकर भाग निकले। इस बावत पीड़ित ने बताया कि दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण इस बार अधिक रकम निकाली गई थी। आमतौर पर वह कम राशि लेकर जाते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है। साथ ही, इतनी बड़ी रकम ले जाने में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच होगी।
![]()













Leave a Reply