Advertisement

डीएम-एसएसपी का छपरा में फ्लैग मार्च, दुर्गा पूजा पर शांति और सौहार्द का संदेश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सारण जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोशन कुमार के संयुक्त नेतृत्व में 17 अक्टूबर को जिला मुख्यालय छपरा शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के माध्यम से आम जनों को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने का संदेश दिया गया। प्रशासन ने विशेष रूप से टाउन थाना और भगवान बाजार थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों पर मार्च कर विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
प्रशासन द्वारा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और विसर्जन जुलूस के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संवेदनशील स्थलों और विसर्जन मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

डीएम ने जिलावासियों से अपील की है कि वे सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, न ही भ्रामक सूचनाओं का प्रसार करें। दुर्गा पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन ने एक विशेष पहल भी की है। पूजा पंडालों के आसपास सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता के लिए शिविर लगाए गए हैं। इसी क्रम में पूजा पंडाल परिसरों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित शिविर लगाए गए हैं, जहां आम रहिवासियों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन की यह पहल त्योहार के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *