Advertisement

बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में रावण दहन का आयोजन, आतिशबाजी बना आकर्षण

मंत्री ने किया रावण दहन और आमजनों को दी विजयादशमी की शुभकामनाएं

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। विजयादशमी के पावन अवसर पर बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट के एफ टाईप दुर्गा पूजा समिति ने रावण दहन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण समिति द्वारा प्रस्तुत शानदार आतिशबाजी रही।

बताया जाता है कि कार्यक्रम स्थल पर रंग-बिरंगी आतिशबाजी से पूरा तेनुघाट क्षेत्र जगमगा उठा और उपस्थित जनसमूह ने इस भव्य नजारे का आनंद लिया। रावण दहन कार्यक्रम को लेकर रहिवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि विजयादशमी हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना चाहिए। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को हमारी संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।

इस अवसर पर तेनुघाट पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव ने मंत्री को फूलो का गुलदस्ता देकर व समिति के अध्यक्ष सुजय आनन्द ने शाल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। साथ ही मंडप क्षेत्र को चारदीवारी से घेरने की मांग की और तेनुघाट में हो रहे बिजली की समस्या से अवगत कराया। मौके पर दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *