Advertisement

डीएवी स्वांग की 44 सदस्यीय टीम राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए दिल्ली रवाना

दिल्ली रवाना होनेवाली टीम में 38 छात्र-छात्रा तथा 6 शिक्षक शामिल

एस. पी. सक्सेना/विजय कुमार साव/ बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल स्वांग के 38 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं 6 शिक्षकों की टीम डीएवी राष्ट्रीय स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 22 अक्टूबर की सुबह देश की राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हो गया। यह प्रतियोगिता 23 से 26 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित की जा रही है।

उक्त जानकारी डीएवी स्वांग के खेल शिक्षक एस. एन. राय ने दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उनका चयन विद्यालय के लिए गौरव और हर्ष का विषय है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक एकेबी सिंह, स्वांग-गोबिंदपुर फेज टू के परियोजना पदाधिकारी सतीश कुमार त्रिवेदी, कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार अन्य स्थानीय पदाधिकारियों तथा अभिभावकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं। सभी ने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना का परिचय देते हुए विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का यह अवसर विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके साथ जा रहे शिक्षकों को सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दीं तथा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *