प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया के होटल एवं लॉज में स्थानीय पुलिस द्वारा 13 सितंबर की संध्या छापामारी की गयी। छापामारी के क्रम में पुलिस पदाधिकारियों ने होटल एवं लॉज के रजिस्टर को चेक किया। जिसमें ग्राहकों का सत्यापन शामिल है। पुलिस द्वारा इस बावत जानकारी देने में आनाकानी की जा रही है।
ज्ञात हो कि बोकारो जिला के हद में गोमिया एक छोटा किन्तु औद्योगिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां स्थित आईईएल विस्फोटक कारखाना, सीसीएल की कोयला खदान, कोल वाशरी सहित अन्य कल-कारखानों के कारण गोमिया की पहचान राज्य से बाहर भी है।
हाल के वर्षों में यहां कई छोटे-बड़े मॉल, होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले हैं, जिससे दर्जनों स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है, जो विकास के लिहाज से अच्छा संकेत है। वहीं स्थानीय रहिवासियों और प्रबुद्ध वर्ग में एक गंभीर चिंता गहरा रही है। आरोप है कि गोमिया और आसपास के कुछ क्षेत्रों में अनैतिक गतिविधियों के फलने-फूलने की चर्चाएं आम हो रही हैं, जिससे इस शांति प्रिय क्षेत्र की छवि धूमिल हो रही है।
स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि गोमिया हमेशा से शांतिप्रिय और सौहार्दपूर्ण जगह रही है। जल्दी पैसा कमाने की होड़ में कुछ तथाकथित द्वारा गलत रास्ते अपनाने की चर्चाओं से समाज पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की चर्चाओं से युवा पीढ़ी के गलत रास्ते पर भटकने का खतरा बढ़ गया है। नशाखोरी और अनैतिक कार्यों की लत युवाओं को अपराध की ओर धकेल सकती है।
क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गोमिया बाजार के कुछ होटल-गेस्ट हाउसों और सुनसान इलाकों में देर शाम ऐसी गतिविधियों के संचालित होने की आशंका जताई जा रही है। रहिवासियों का कहना है कि बाहर से संदिग्ध तत्वों की आवाजाही भी बढ़ी है। हालांकि, यह पूरी तरह जांच का विषय है। रहिवासियों में चर्चा है कि ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद है। समय रहते लगाम नहीं लगाई गई तो गोमिया की शांति और सुरक्षा दोनों खतरे में पड़ जाएगी।
![]()













Leave a Reply