अनुमंडलीय अस्पताल में चार जटिल ऑपरेशनों का सफल निष्पादन-सिविल सर्जन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन में जिला के हद में अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो में लगातार बेहतर एवं जटिल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में बीते एक नवंबर को अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो की उपाधीक्षक डॉ अनीता मुर्मू की अध्यक्षता में चार जटिल एवं बड़े ऑपरेशनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।
बताया जाता है कि ऑपरेशन टीम में जनरल सर्जन डॉ निशांत कुमार, एनेस्थेटिस्ट डॉ जितेंद्र कुमार एवं ओटी असिस्टेंट सुनीता कुमारी शामिल थे। सफलतापूर्वक किए गए ऑपरेशन में पित्ताशय में मवाद एवं गंभीर संक्रमण के कारण 64 वर्षिया अनीता देवी का लेप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टोमी की गई। सिकुड़े हुए पित्ताशय (कॉन्ट्रैक्टेड गालब्लाडर) के छोटी आंत से चिपके होने की जटिल स्थिति में 53 वर्षिया चिंता देवी का लेप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टोमी सफलतापूर्वक की गई। मरीज पिछले दो वर्षों से पित्ताशय के दर्द से परेशान थी। वहीं बाएं पैर में गंभीर संक्रमण एवं सड़न तथा सेप्सिस की स्थिति को देखते हुए 34 वर्षीय अजीत कुमार का डीब्राइडमेंट किया गया। मरीज का उपचार अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो में जारी है। इसी क्रम में 45 वर्षिया सुमित्रा देवी का हिस्टेरेक्टॉमी का सफल ऑपरेशन किया गया।
जानकारी देते 2 नवंबर को सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो में लगातार बेहतर एवं बड़े ऑपरेशन किए जा रहे हैं। आज किए गए चारों ऑपरेशन गंभीर एवं जटिल श्रेणी के हैं। कहा कि निजी अस्पतालों में इन ऑपरेशनों पर मरीजों को लाखों रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं, जबकि अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो में ये सुविधाएं आमजनों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी के सपनों के अनुरूप आमजन तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग बोकारो निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जरूरतमंद तक भी इन सुविधाओं की जानकारी पहुंचाए।
![]()













Leave a Reply