Advertisement

कसमार के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद

रघुनाथपुर, बगदा, खैराचातर, सिंहपुर व् पिरगुल में दर्शन कर की खुशहाली की कामना

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने 18 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

जानकारी के अनुसार मंत्री ने पूजा समितियों के सदस्यों, श्रद्धालुओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दी। मंत्री ने कसमार प्रखंड के हद में रघुनाथपुर, बगदा, खैराचातर, सिंहपुर और पिरगुल समेत विभिन्न गांवों में स्थित दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों का भ्रमण किया। विभिन्न पूजा स्थलों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। मां दुर्गा की आराधना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा के आशीर्वाद से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा आमजनों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव कायम रहे।

मौके पर कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि दुर्गा पूजा सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। यह पर्व सभी को आपस में जोड़ने और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर सभी को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और विश्वास का महापर्व है। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों को मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने मां दुर्गा से क्षेत्र में शांति, खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ठाकुर ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह रहता है। पूजा समितियों और स्थानीय रहिवासियों के सामूहिक प्रयास से पर्व का आयोजन बेहतर ढंग से होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। पूर्व जिला परिषद सदस्य विमल जायसवाल ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने आजमजनों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

मंत्री के दौरे में प्रमुख नियोती कुमारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम, प्रखंड उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ठाकुर, पूर्व जिप सदस्य विमल जायसवाल, पंचायत समिति सदस्य प्रिया देवी, ज्ञानेश जायसवाल, मिथलेश जायसवाल, संजय महतो, अर्जुन प्रसाद वर्मा, विक्रम सिंह, संजय प्रजापति, फागु महतो समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *