Advertisement

पूर्व मुखिया एवं प्रसिद्ध चिकित्सक के निधन से कसमार क्षेत्र में मातम

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के तिलैया क्षेत्र में जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज के पिता पूर्व मुखिया एवं प्रसिद्ध चिकित्सक के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर से क्षेत्र के रहिवासियों में शोक व्याप्त है।

बताया जाता है कि पूर्व मुखिया लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। दिवंगत चिकित्सक ने अपने जीवनकाल में चिकित्सा सेवा और सामाजिक कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के रहिवासियों के बीच अपनी पहचान बनाई थी। उनके निधन से परिवार, शुभचिंतकों और स्थानीय रहिवासियों में गहरा दु:ख है।

गोमिया विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने 18 अक्टूबर को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत चिकित्सक का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके योगदान को क्षेत्र के रहिवासी हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूर्व मुखिया सिकंदर ने कहा कि दिवंगत चिकित्सक के निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी और सम्मानित इंसान को खो दिया है। उनका सामाजिक जीवन और आमजनों के प्रति सेवा भाव सदैव स्मरणीय रहेगा।

दुर्गापुर पंचायत के मुखिया अमरेश कुमार महतो ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मधुकरपुर के मुखिया राजेंद्र महतो ने भी निधन पर शोक जताते हुए कहा कि दिवंगत चिकित्सक का जाना समाज के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके प्रति रहिवासियों के मन में हमेशा सम्मान बना रहेगा। इस दु:खद घटना से कसमार एवं तिलैया क्षेत्र में शोक का माहौल है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *