सदन में उठेगा मिट्टी और जीआई टैग का मुद्दा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति के तत्वावधान में सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर भगवती स्थान पर विधान परिषद सदस्य शीला पंडित का नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रजापति समाज की सामाजिक- आर्थिक समस्याओं, पारंपरिक व्यवसाय में मिट्टी की अनुपलब्धता, जीआई टैग और दियारा क्षेत्र की टोपोलैंड समस्या प्रमुखता से उठी।
इससे पूर्व विधान परिषद सदस्य शीला पंडित ने 18 अक्टूबर को सबलपुर भगवती स्थान मंदिर परिसर स्थित दुर्गा देवी मंडप में स्थापित देवी दुर्गा की पूजा की। प्रजापति समाज की महिलाओं ने उन्हें अंग वस्त्र एवं राधा – कृष्ण का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामाशंकर पंडित ने जबकि संचालन भाजपा दक्षिणी मंडल महामंत्री अविनाश कुमार ने किया। भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया दीपक शर्मा ने दियारा क्षेत्र में गंगा कटाव और बाढ़ के स्थायी समाधान की मांग रखी। मध्यवर्ती पंचायत के मुखिया दिनेश राय ने समाज की समस्याओं के निराकरण की बात कही, वहीं सरपंच दिलीप शर्मा ने कहा कि टोपोलैंड की वजह से बड़ी आबादी केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से वंचित रह जाती है।
समिति के प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोविंद पंडित ने पारंपरिक कुम्हार व्यवसाय में मिट्टी की किल्लत सहित अन्य व्यावसायिक कठिनाइयों की ओर ध्यान दिलाया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधान पार्षद शीला पंडित ने दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास के लिए शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और कुरीतियों से मुक्ति को जरूरी बताया। उन्होंने नशाखोरी से दूर रहने और महिला शिक्षा पर जोर दिया। कहा कि मिट्टी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए माटी क्लब के गठन और प्रजापति समाज के उत्पादों को विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए जीआई टैग की मांग को वे विधान परिषद में मजबूती से उठाएंगी। इससे पारंपरिक शिल्प को बाजार और सम्मान दोनों मिलेगा। उन्होंने समाज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी का आह्वान भी किया।
समारोह में धर्मेंद्र पंडित, विजय पंडित, मुकेश पंडित, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोविंद प्रसाद, सोनपुर प्रखंड अध्यक्ष नंद किशोर पंडित, दिघवारा प्रखंड सचिव कामेश्वर पंडित, दरियापुर प्रखंड अध्यक्ष नागेंद्र पंडित, जिला संयुक्त सचिव अमरजीत पंडित, शिक्षक शंभू पंडित, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के निदेशक लाल बाबू पंडित, मंटू पंडित, जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply