Advertisement

कब्रिस्तान में झंडा एवं आपत्तिजनक नारे से तनाव, प्रशासन सतर्क

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के ललपनिया स्थित एक धर्म स्थल में एक समुदाय विशेष का झंडा एवं आपत्तिजनक नारे लिखने से तनाव देखा जा रहा है। आक्रोशित समुदाय ने इसे लेकर सड़क जाम कर दिया है।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में ललपनिया में 11 सितंबर को दूसरे समुदाय द्वारा झंडा बांधे जाने और दीवार व सड़क पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने की बात सामने आने के बाद तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित समुदाय के स्थानीय रहिवासियों ने विरोध में ललपनिया – रामगढ़ मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ललपनिया स्थित उक्त धर्म स्थल में शरारती तत्वों द्वारा दूसरे समुदाय का झंडा बांध दिया गया और साथ हीं दीवार तथा सड़क पर कुछ आपत्तिजनक शब्द लिख दिए गए। सुबह जब स्थानीय रहिवासी उक्त स्थल पर पहुंचे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। घटना की खबर फैलते ही सैकड़ो की संख्या में रहिवासी आक्रोशित हो गए और मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

इधर तनाव और सड़क जाम की सूचना मिलने पर बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रवींद्र कुमार सिंह, गोमिया सीओ आफताब आलम, ललपनिया थाना प्रभारी जयप्रकाश एक्का, जागेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क पर लिखे आपत्तिजनक नारों को मिटवाया। इसके बाद एसडीपीओ की अध्यक्षता में ललपनिया थाना परिसर में आम ग्रामीणों की बैठक की गयी। बैठक में एसडीपीओ ने आमजनों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और कहा कि एक सप्ताह के भीतर मामले में संलिप्त अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसे लेकर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आसपास के रहिवासियों से पूछताछ की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने आम रहिवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *