छात्रों को दी गई कचरा प्रबंधन की सीख
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बारहमसिया में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर 27 अक्टूबर को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कचरे के सही निपटान (वेस्ट मैनेजमेंट) और स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के तहत बच्चों को प्रेरित किया गया कि वे उपयोग के बाद अनुपयोगी चीज़ों या कचरे को यहाँ-वहाँ फेंकने के बजाय हमेशा कूड़ेदान (डस्टबिन) का ही उपयोग करें। इस सामूहिक पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता की आदत डालना और अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर बनाना है।
इस अवसर पर विद्यालय केप्रधानाध्यापक अनिल कुमार महतो ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है और स्वस्थ शरीर के लिए स्वच्छ परिवेश का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार का यह प्रयास है कि बच्चे किताबी ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और साफ-सफाई के महत्व को भी समझें। अगर बच्चे अभी से जागरूक होंगे, तो वे अपने घर और समाज को भी स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सहायक अध्यापक अजय कुमार नायक ने कहा कि आज हमने छात्र-छात्राओं को यह समझाया कि कचरे का सही तरीके से निपटान कैसे किया जाए। प्लास्टिक और अन्य अनुपयोगी सामग्रियों को इधर-उधर फेंकने से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। बच्चों को कूड़ेदान के सही इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया है और हमारा यह प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि समाज में जन-जागरूकता लाई जा सके।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने संकल्प लिया कि आने वाले दिनों में इस प्रकार के जागरूकता अभियानों के माध्यम से न सिर्फ छात्र-छात्राओं बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को भी स्वच्छता के प्रति और अधिक प्रेरित किया जाएगा, ताकि पूरा क्षेत्र साफ-सुथरा और स्वस्थ बन सके।
![]()













Leave a Reply