एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। इंडियन नेशनल माइन ऑफिसियल्स एंड सुपरवाइजरी स्टाफ एसोसिएशन (इनमौसा) के प्रतिनिधियों ने 24 सितंबर को ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के निदेशक (तकनीकी/संचालन) चित्तरंजन कुमार का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। साथ हीं माइनिंग सुपरवाइजरों और खदानों के समग्र संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर रचनात्मक चर्चा की।
जानकारी के अनुसार ईसीएल डीटी के साथ बैठक के दौरान इनमौसा प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से एस.पी. माइंस में माइनिंग सुपरवाइजरों के रविवार एवं भुगतानयुक्त अवकाश (पेड हॉलिडे) में कटौती के मुद्दे को उठाया तथा अनुरोध किया कि इस मामले की उचित रूप से समीक्षा की जाए।
प्रतिनिधियों ने उत्पादन एवं सुरक्षा के बीच उचित संतुलन बनाए रखने के महत्व पर भी चर्चा की तथा इस बात पर जोर दिया कि उत्पादन लक्ष्यों को प्राप्त करते समय वैधानिक सुरक्षा प्रावधानों एवं सुरक्षित कार्य-पद्धतियों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधियों ने प्रबंधन से माइनिंग सुपरवाइजरों एवं तकनीकी कर्मियों के लिए भूमिगत खदानों (अंडरग्राउंड माइंस) पर एक सेमिनार आयोजित करने का भी अनुरोध किया, जिसका उद्देश्य तकनीकी ज्ञान, आधुनिक खनन पद्धतियों, सुरक्षा उपायों तथा भूमिगत खनन कार्यों के व्यावहारिक अनुभव का आदान-प्रदान करना है।
अभिनंदन एवं चर्चा में इनमौसा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, इनमौसा ईसीएल अध्यक्ष समीर चक्रवर्ती, डिविजनल सचिव डी.के. पांडेय, उपाध्यक्ष कपिल देव राम, इनमौसा बीसीसीएल उप महासचिव अजीत कुमार सिंह, ईसीएल संगठन सचिव जयंत कुमार मित्र, कुनुस्तोरिया क्षेत्र के क्षेत्रीय सचिव अजीत मंडल, सालानपुर क्षेत्र के अध्यक्ष कालीचरण चटर्जी, क्षेत्रीय सचिव अनुरण सेनगुप्ता तथा जमबाद ओसीपी यूनिट सचिव सीएल मिथुन बड्याकर उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने माइनिंग सुपरवाइजरों के कल्याण तथा खदानों में सुरक्षा, तकनीकी मानकों एवं परिचालन दक्षता में सुधार के लिए ईसीएल प्रबंधन के साथ रचनात्मक सहयोग जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
![]()













Leave a Reply